Categories
ज्योतिष प्रज्ञा

ज्योतिष : संकुचित गणना से समग्र बोध की ओर

परंपरागत भारतीय ज्योतिष में केवल जन्मकुंडली ही नहीं, बल्कि सामुद्रिक शास्त्र, प्रश्न ज्योतिष, वास्तु शास्त्र, स्वप्न-विचार, शकुन-विज्ञान आदि अनेक शाखाएँ विकसित हुईं। इन सभी का उद्देश्य एक ही था—व्यक्ति और परिस्थिति को अधिकतम सटीकता के साथ समझना। यदि इन विद्याओं का समग्र और संतुलित प्रयोग किया जाए, तो किसी व्यक्ति के भविष्य, स्वभाव और जीवन-पथ के विश्लेषण की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

ज्योतिष :

संकुचित गणना से समग्र बोध की ओर

ज्योतिष मूलतः अज्ञात को समझने, जीवन की जटिलताओं को अर्थ देने और मनुष्य को उसकी संभावनाओं से परिचित कराने की विद्या है। इसका उद्देश्य केवल भविष्य की घटनाओं का अनुमान लगाना नहीं, बल्कि व्यक्ति की मानसिक संरचना, प्रवृत्तियों, संस्कारों और कर्मगत दिशाओं को समझकर उसे सही परामर्श देना रहा है। किंतु आज की स्थिति यह है कि ज्योतिष अपने इसी मूल उद्देश्य से काफी हद तक विचलित हो चुकी है। परिणामस्वरूप वह न तो सही निदान दे पा रही है, न व्यक्ति के मनोभावों को गहराई से समझ पा रही है और न ही तर्कसंगत तथा भरोसेमंद भविष्यफल प्रस्तुत कर पा रही है।

इस पतन का मुख्य कारण यह है कि ज्योतिष को एक संकुचित, एकांगी और यांत्रिक दायरे में बाँध दिया गया है। कुंडली देखकर कुछ ग्रह-योग गिनाना, दो-चार दशाओं के आधार पर निष्कर्ष सुना देना और उसे ही संपूर्ण ज्योतिष मान लेना—यही आज की सामान्य प्रवृत्ति बन गई है। आजकल कंप्यूटर सॉफ्टवेयर और मोबाइल एप्लीकेशन भी इसी तरह की फलादेश प्रदर्शित करते हैं। जबकि वास्तविकता यह है कि ज्योतिष का दायरा अत्यंत व्यापक, बहुआयामी और समग्र है। 

परंपरागत भारतीय ज्योतिष में केवल जन्मकुंडली ही नहीं, बल्कि सामुद्रिक शास्त्र, प्रश्न ज्योतिष, वास्तु शास्त्र, स्वप्न-विचार, शकुन-विज्ञान आदि अनेक शाखाएँ विकसित हुईं। इन सभी का उद्देश्य एक ही था—व्यक्ति और परिस्थिति को अधिकतम सटीकता के साथ समझना। यदि इन विद्याओं का समग्र और संतुलित प्रयोग किया जाए, तो किसी व्यक्ति के भविष्य, स्वभाव और जीवन-पथ के विश्लेषण की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

उदाहरण के लिए, जब कोई व्यक्ति किसी ज्योतिषी के पास आता है, तो सर्वप्रथम उसके जन्म समय के आधार पर उसकी कुंडली का गंभीर विश्लेषण किया जाना चाहिए। इससे उसके मूल स्वभाव, मानसिक संरचना, कर्मगत प्रवृत्तियों और संभावित जीवन-दिशाओं का संकेत मिलता है। इसके पश्चात सामुद्रिक शास्त्र के माध्यम से उसके अंग-प्रत्यंगों, मुखाकृति, नेत्रों, हस्तरेखाओं और शारीरिक बनावट का निरीक्षण किया जाना चाहिए, जिससे कुंडली में दिख रहे योगों की पुष्टि या संशोधन संभव हो सके।

इसके बाद उस व्यक्ति के निवास स्थान का वास्तु शास्त्र के आधार पर अवलोकन किया जाना चाहिए। क्योंकि व्यक्ति का वातावरण, उसका घर और कार्यस्थल उसके मानसिक संतुलन, स्वास्थ्य और कर्मफल पर गहरा प्रभाव डालते हैं। कई बार कुंडली में दिखने वाले दोष वास्तव में वास्तुजन्य असंतुलन के कारण सक्रिय हो जाते हैं, और बिना इस पक्ष को देखे किया गया निष्कर्ष अधूरा रह जाता है।

तत्पश्चात प्रश्न ज्योतिष के माध्यम से उस समय की परिस्थितियों, व्यक्ति की चेष्टाओं, उसकी मनःस्थिति और व्यवहार का सूक्ष्म विश्लेषण किया जाना चाहिए। प्रश्न कुंडली व्यक्ति के वर्तमान भाव, उसकी तात्कालिक चिंता और उसके अंतर्मन की दिशा को उजागर करती है, जिसे जन्मकुंडली अकेले नहीं बता सकती।

जब जन्मकुंडली, सामुद्रिक शास्त्र, वास्तु शास्त्र और प्रश्न ज्योतिष—इन सभी से प्राप्त संकेतों को एक साथ जोड़कर देखा जाता है, तब एक संयुक्त, संतुलित और यथार्थ निष्कर्ष निकलता है। यही वास्तव में किसी व्यक्ति का समग्र ज्योतिषीय विश्लेषण होता है। इससे न केवल भविष्यफल अधिक सटीक होता है, बल्कि परामर्श भी अधिक मानवीय, व्यावहारिक और मनोवैज्ञानिक रूप से उपयोगी बनता है।

अतः आवश्यकता इस बात की है कि ज्योतिष को उसके संकुचित प्रयोग से मुक्त कर पुनः उसके व्यापक, समन्वयात्मक और विवेकपूर्ण स्वरूप में लौटाया जाए। तभी ज्योतिष पुनः एक गंभीर, तर्कसंगत और विश्वसनीय विद्या के रूप में समाज का मार्गदर्शन कर सकेगी।

यदि हम ज्योतिष को समग्र दृष्टि से पुनः स्थापित करना चाहते हैं, तो यह अनिवार्य है कि हम “ज्योतिष” के नाम पर समाज में प्रचलित ऊल-जुलूल, अप्रमाणिक और आधुनिक सिद्धांतों से स्पष्ट दूरी बनाएँ। पिछले कुछ दशकों में ज्योतिष में ऐसे अनेक सिद्धांत गढ़ लिए गए हैं, जिनका न तो शास्त्रीय आधार है, न ऋषि-परंपरा से कोई संबंध और न ही दीर्घकालिक परीक्षण की कसौटी पर वे खरे उतरते हैं। समग्र ज्योतिष का उद्देश्य ऐसी कल्पनाओं को जोड़ना नहीं, बल्कि प्राचीन प्रमाणिक ऋषि-परंपरा को आधुनिक विवेक के साथ पुनः जीवित करना है।

कुंडली-विश्लेषण के क्षेत्र में सर्वप्रथम महर्षि पराशर, महर्षि जैमिनी और वराहमिहिर द्वारा प्रतिपादित सिद्धांतों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पाराशरी परंपरा ग्रह, भाव, दशा और योगों के माध्यम से जीवन के व्यापक कर्मफल को उद्घाटित करती है; जैमिनी प्रणाली राशि-दृष्टि और चर-दशाओं के द्वारा व्यक्ति की प्रवृत्तियों और घटनात्मक क्रम को सूक्ष्मता से समझाती है; वहीं वराहमिहिर ने बृहज्जातक के माध्यम से व्यक्ति पर पढ़ने वाले ग्रहों के प्रभाव को वैज्ञानिक दृष्टि दी है। इन तीनों परंपराओं का समन्वित प्रयोग ही कुंडली-विज्ञान को जीवंत और विश्वसनीय बनाता है।

इसी प्रकार सामुद्रिक शास्त्र के क्षेत्र में पाश्चात्य पाल्मिस्ट्री को यथावत अपनाने के स्थान पर भारतीय सामुद्रिक परंपरा को पुनः प्रतिष्ठित किया जाना चाहिए। हमारे पुराणों, धर्मशास्त्रों, आयुर्वेदिक ग्रंथों और प्राचीन निबंधों में सामुद्रिक शास्त्र के सूत्र बिखरे हुए हैं—नेत्र, मुख, नासिका, हस्त, पाद और देह-संरचना के आधार पर व्यक्ति के स्वभाव और भाग्य का विश्लेषण। आवश्यकता इस बात की है कि इन प्राचीन स्रोतों से प्राप्त सामुद्रिक ज्ञान को एकत्र कर, सुव्यवस्थित रूप में प्रस्तुत किया जाए, ताकि यह भारतीय दृष्टि से विकसित, सांस्कृतिक रूप से संगत और शास्त्रीय रूप से प्रमाणिक बन सके।

वास्तु शास्त्र के संदर्भ में भी यही शास्त्रीय संयम अपेक्षित है। आधुनिक तथाकथित वास्तु-टोटकों के स्थान पर मत्स्य पुराण में वर्णित वास्तु-सिद्धांतों, वराहमिहिर की बृहत् संहिता के वास्तु विद्या अध्याय तथा विश्वकर्मा प्रकाश जैसे प्राचीन ग्रंथों को आधार बनाया जाना चाहिए। इन ग्रंथों में वास्तु को केवल भवन-रचना नहीं, बल्कि प्रकृति, दिशाओं, पंचमहाभूतों और मानव जीवन के सामंजस्य का विज्ञान माना गया है। जब वास्तु को इस व्यापक दृष्टि से देखा जाता है, तभी वह कुंडली विज्ञान के साथ सार्थक रूप से जुड़ पाता है।

प्रश्न शास्त्र के क्षेत्र में भी शास्त्रीय परंपरा को ही केंद्र में रखा जाना चाहिए। पाराशर तंत्र में वर्णित चेष्टा-आधारित प्रश्न पद्धति व्यक्ति की तत्कालिक मानसिक अवस्था, उसकी आंतरिक प्रवृत्तियों और कर्मगत संकेतों को समझने में अत्यंत उपयोगी है। इसके साथ ही पृथुयशा द्वारा प्रणीत षट्पंचाशिका प्रश्न शास्त्र की एक सशक्त और प्रामाणिक प्रणाली है, जो तात्कालिक समय की प्रश्न कुंडली से समस्याओं का विश्लेषण करती है।

इस प्रकार जब कुंडली-विज्ञान, सामुद्रिक शास्त्र, वास्तु शास्त्र और प्रश्न शास्त्र—इन सभी क्षेत्रों में प्राचीन ऋषियों द्वारा प्रतिपादित प्रामाणिक सिद्धांतों को प्राथमिकता दी जाती है, तब समग्र ज्योतिष न केवल अधिक सटीक बनता है, बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों से भी जुड़ा रहता है। यही वह मार्ग है, जिसके द्वारा ज्योतिष अंधविश्वास नहीं, बल्कि विवेकपूर्ण, शास्त्रीय और मानव-केन्द्रित विद्या के रूप में पुनः स्थापित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!