रत्नैः कल्पितमासनं हिमजलैः स्नानं च दिव्याम्बरं
नाना-रत्न-विभूषितं मृगमदामोदांकितं चन्दनम्।
जाती-चम्पक-बिल्वपत्र-रचितं पुष्पं च धूपं तथा
दीपं देव दयानिधे पशुपते हृत्कल्पितं गृह्यताम्॥१॥
हे दया के सागर महादेव! मैंने अपने मन में आपके लिए रत्नों का सिंहासन मानसिक रूप से कल्पित किया है। आपको हिमालय के शीतल जल से स्नान करा रहा हूँ और कीमती रत्न जड़े कपड़े पहना रहा हूँ—यह सब मैं मानसिक रूप से कर रहा हूँ। कस्तूरी की खुशबू वाला चंदन, चमेली और चंपा के फूल तथा बेलपत्र आपको मानसिक रूप से अर्पित हैं। मेरे मन के इस दीप और धूप को आप स्वीकार करें।
सौवर्णे नव-रत्न-खण्ड-रचिते पात्रे घृतं पायसं
भक्ष्यं पंच-विधं पयो-दधियुतं रम्भाफलं पानकम्।
शाकानामयुतं जलं रुचिकरं कर्पूर-खण्डोज्ज्वलं
ताम्बूलं मनसा मया विरचितं भक्त्या प्रभो स्वीकुरु॥२॥
प्रभु! नवरत्नों से जड़े सोने के बर्तन में घी से बनी खीर, पाँच तरह के पकवान, दूध, दही और केले आपको (मानसकि रूप से) अर्पित हैं। साथ ही पीने के लिए सुगंधित जल और कपूर से महकता पान का बीड़ा (ताम्बूल) मैंने मन से तैयार किया है। हे प्रभु! मेरी इस भक्ति को स्वीकार करें।॥२॥
छत्रं चामरयोर्युगं व्यजनकं चादर्शकं निर्मलं
वीणा-भेरि-मृदंगकाहलकला गीतं च नृत्यं तथा।
साष्टांगं प्रणतिः स्तुतिर्बहुविधा ह्येतत्समस्तं मया
संकल्पेन समर्पितं तव विभो पूजां गृहाण प्रभो॥३॥
(मैं मन में कल्पना कर रहा हूँ कि) आपके ऊपर छत्र लगा है, चंवर झुलाए जा रहे हैं और आईना (दर्पण) लगा है। वीणा, नगाड़े और मृदंग बज रहे हैं। आपके लिए गीत गाए जा रहे हैं और नृत्य हो रहा है। मैं आपको साष्टांग दंडवत प्रणाम और स्तुति कर रहा हूँ। यह सब मैंने मन में संकल्प करके आपको भेंट किया है, कृपया मेरी इस पूजा को ग्रहण करें।॥३॥
आत्मा त्वं गिरिजा मतिः सहचराः प्राणाः शरीरं गृहम्
पूजा ते विषयोपभोग-रचना निद्रा समाधि-स्थितिः।
संचारः पदयोः प्रदक्षिण-विधिः स्तोत्राणि सर्वा गिरो
यद्यत्कर्म करोमि तत्तदखिलं शम्भो तवाराधनम्॥४॥
हे शंभू! मेरी आत्मा आप हैं, मेरी बुद्धि पार्वती जी हैं और मेरे प्राण आपके गण (सेवक) हैं। मेरा यह शरीर आपका मंदिर है। मैं जो भी सुख भोगता हूँ, वह आपकी पूजा है। मेरी नींद आपकी समाधि है। मेरा चलना-फिरना आपकी परिक्रमा है और मैं जो भी बोलता हूँ, वह आपके स्तोत्र (प्रार्थना) हैं। मैं जो भी काम करता हूँ, वह सब आपकी ही आराधना है।॥४॥
कर-चरण-कृतं वाक्कायजं कर्मजं वा
श्रवण-नयनजं वा मानसं वापराधम्।
विहितमविहितं वा सर्वमेतत्क्षमस्व
जय जय करुणाब्धे श्रीमहादेव शम्भो॥५॥
हाथों, पैरों, वाणी या शरीर से, कान से सुनकर, आँखों से देखकर या मन से जो भी अपराध मैंने किए हों; चाहे वे जान-बूझकर किए हों या अनजाने में—हे करुणा के सागर महादेव! उन सबको क्षमा करें। आपकी जय हो, जय हो!
